चबूतरा क्षेत्र के हजारों लोगों की पेयजल समस्या का होगा समाधान, 14.80 करोड़ की मल्टी विलेज स्कीम तैयार

31 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | हमीरपुर

हमीरपुर। चबूतरा क्षेत्र और इसके आसपास के इलाकों में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में जल शक्ति विभाग ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विभाग की ओर से तैयार की जा रही मल्टी विलेज पेयजल योजना का करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। योजना के पूरा होने के बाद छह पंचायतों के करीब 40 गांवों की लगभग 10 हजार की आबादी को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

जल शक्ति विभाग की ओर से इस योजना के तहत करीब 23 किलोमीटर लंबी राइजिंग लाइन बिछाई गई है। योजना का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अब मुख्य रूप से विद्युत विभाग से संबंधित कार्य शेष बताया जा रहा है, जिसे जल्द पूरा करने की प्रक्रिया चल रही है।

व्यास नदी से चबूतरा तक पहुंचेगा पानी

जल शक्ति विभाग हमीरपुर के चीफ इंजीनियर रोहित दुबे ने बताया कि चबूतरा क्षेत्र के हजारों लोगों की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए मल्टी विलेज योजना तैयार की जा रही है। इस योजना के तहत व्यास नदी से सीधे पानी चबूतरा क्षेत्र तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि योजना पर करीब 14.80 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। योजना के तहत दो रिसाव कुएं और तीन भंडारण टैंक भी बनाए गए हैं, जिससे क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा।

90 प्रतिशत काम पूरा

चीफ इंजीनियर रोहित दुबे के अनुसार योजना का करीब 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। अब विद्युत विभाग से संबंधित कुछ कार्य शेष हैं, जिन्हें भी जल्द पूरा किया जा रहा है। इसके बाद योजना को लोगों के लिए शुरू किया जाएगा।

मार्च में हुआ था शिलान्यास

गौरतलब है कि चबूतरा और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल समस्या को देखते हुए स्थानीय लोगों की मांग पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मार्च महीने में इस योजना का शिलान्यास किया था। विभाग का दावा है कि योजना को रिकॉर्ड समय में तैयार किया गया है और जल्द ही इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित किया जाएगा।

मल्टी विलेज पेयजल योजना के शुरू होने के बाद चबूतरा क्षेत्र सहित छह पंचायतों के करीब 40 गांवों के लोगों को लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

Share the news