
14 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू
कुल्लू। मणिकर्ण घाटी के चनिकोड़ गांव में सड़क निर्माण और टारिंग कार्य को लेकर स्थानीय ग्रामीणों का विरोध सामने आया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से सड़क के एक महत्वपूर्ण हिस्से को टारिंग कार्य से बाहर रखने से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर लामबंद होकर विभाग की रोड रोलर और टारिंग मशीनों को रोक दिया।
मुख्य पैच पर टारिंग नहीं होने से ग्रामीण नाराज
ग्रामीणों का कहना है कि जिस हिस्से में विभाग टारिंग नहीं कर रहा है, वह मणिकर्ण मुख्य मार्ग का महत्वपूर्ण पैच है। ग्रामीणों के अनुसार विभाग की ओर से इस हिस्से में टारिंग नहीं किए जाने की बात कही जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि सड़क के प्रमुख हिस्से को छोड़ दिया गया तो पूरा टारिंग कार्य खानापूर्ति तक सीमित रह जाएगा। इसी बात को लेकर ग्रामीणों में रोष बढ़ा और उन्होंने एकजुट होकर मौके पर चल रही मशीनों का काम रुकवा दिया।
वरिष्ठ अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि जब तक लोक निर्माण विभाग का कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति का निरीक्षण नहीं करता और पूरे मार्ग पर टारिंग करवाने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं करता, तब तक मशीनों को काम नहीं करने दिया जाएगा।
फिलहाल चनिकोड़ गांव में विभाग का काम बंद पड़ा है और ग्रामीण उच्च अधिकारियों के मौके पर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।
खबर अभी अभी के लिए कुल्लू से प्रिया शर्मा।





