शाख महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए ऑडिशन, 15 कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा

14 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | मंडी

मंडी। शहर के पड्डल मैदान में पहली अक्तूबर से आयोजित होने वाले शाख महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए कंफर्ट होटल में चल रहे ऑडिशन में रविवार को 15 कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ऑडिशन में कलाकारों ने गायन और नृत्य की प्रस्तुतियों से निर्णायक मंडल और उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।

सोसाइटी फॉर हिमाचल आर्ट एंड कल्चर, नॉलेज एंड हेरिटेज (शाख) के निदेशक रामपाल मल्लिक, सहायक निदेशक पुष्पराज और सहायक जय कुमार ने बताया कि रविवार को आयोजित ऑडिशन में कुल 15 कलाकारों ने हिस्सा लिया। इनमें 13 कलाकारों ने गायन और दो कलाकारों ने नृत्य की प्रस्तुतियां दीं।

उन्होंने बताया कि निर्णायक मंडल द्वारा चयनित प्रतिभागियों को शाख महोत्सव की विभिन्न सांस्कृतिक संध्याओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध करवाया जाएगा। ऑडिशन प्रक्रिया के दौरान कलाकारों की गायन एवं नृत्य प्रतिभा के साथ-साथ स्वर, लय और ताल का भी आकलन किया गया।

आयोजकों के अनुसार, पिछले तीन दिनों में करीब 40 कलाकार ऑडिशन प्रक्रिया में हिस्सा लेकर स्वर, लय और ताल की कसौटी पर खरे उतरे हैं। चयनित कलाकारों को महोत्सव के दौरान अपनी प्रस्तुतियां देने का अवसर मिलेगा।

ऑडिशन के लिए गठित निर्णायक मंडल में संगीतज्ञ शिवराम तथा सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य एवं संगीतज्ञ सुरजीत सिंह शामिल रहे। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया और प्रतिभा के आधार पर चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।

Share the news