
23 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

ग्राम पंचायत बस्तोरी की प्रधान सुरेखा ठाकुर के प्रयासों से GPS बस्तूरी में पिछले छह महीनों से चली आ रही शिक्षक की कमी की समस्या का समाधान हो गया है। पंचायत की ओर से लगातार शिक्षा विभाग के समक्ष यह मुद्दा उठाया जा रहा था। इसके बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हेम राज को GPS बस्तूरी, शिक्षा खंड कुल्लू-II में तत्काल प्रभाव से समायोजित/तैनात करने के आदेश जारी किए हैं।
पिछले छह महीनों से नियमित अध्यापक न होने के कारण विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। पंचायत प्रतिनिधियों ने इस समस्या को लेकर शिक्षा विभाग से कई बार मुलाकात कर नियमित शिक्षक की तैनाती की मांग उठाई। हालांकि, इससे पहले डेपुटेशन पर शिक्षक भेजकर स्कूल की व्यवस्था चलाने का प्रयास किया जाता रहा।
प्रधान सुरेखा ठाकुर ने स्पष्ट कहा कि बच्चों की शिक्षा के साथ कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और विद्यालय में नियमित शिक्षक उपलब्ध करवाना पंचायत की प्राथमिक मांग है। उन्होंने विभाग को यह भी चेतावनी दी थी कि यदि नियमित शिक्षक की तैनाती नहीं की गई तो पंचायत बच्चों के साथ विभाग के बाहर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगी।
पंचायत की लगातार पहल के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निर्णय लिया और हेम राज की GPS बस्तूरी में तैनाती के आदेश जारी कर दिए।
प्रधान सुरेखा ठाकुर ने कहा कि यह सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि क्षेत्र के बच्चों, अभिभावकों और शिक्षा के अधिकार की जीत है। उन्होंने कहा कि पंचायत आगे भी जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।
उन्होंने कहा, “हमारे बच्चों का भविष्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। उनकी शिक्षा के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।”
छह महीने से नियमित शिक्षक का इंतजार कर रहे बच्चों और अभिभावकों के लिए शिक्षा विभाग का यह फैसला बड़ी राहत के रूप में सामने आया है।





