
24 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | किन्नौर।

जिला किन्नौर के कल्पा गांव में पशुचिकित्सकों की टीम ने एक दुधारू गाय का सफल और जटिल ऑपरेशन कर उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। गाय के पेट में फंसी करीब 5 इंच लंबी कील को सर्जरी के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकाला गया। बताया गया कि कील पेट से होते हुए दिल की झिल्ली तक पहुंच गई थी, जिससे गाय की जान को गंभीर खतरा बना हुआ था।
इस जटिल ऑपरेशन का नेतृत्व वेटेरिनेरी सर्जन डॉ. अरविंद नेगी ने किया। जांच में गाय के पेट में कील होने की पुष्टि के बाद पशुचिकित्सकों की टीम ने तत्काल सर्जरी करने का निर्णय लिया। ऑपरेशन के दौरान करीब 5 इंच लंबी कील को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया गया।
पशुचिकित्सकों के अनुसार, समय पर सर्जरी नहीं की जाती तो गाय की हालत गंभीर हो सकती थी और उसकी जान को भी खतरा था। इस सफल उपचार के बाद गाय की स्थिति में सुधार बताया जा रहा है।
सर्जरी में डॉ. अरविंद नेगी, डॉ. भाग चंद चौहान, डॉ. प्रतीक कश्यप सहित जिला किन्नौर मोबाइल पशुचिकित्सा यूनिट की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम के सामूहिक प्रयास और समय पर उपचार से दुधारू गाय को नया जीवन मिला।
किन्नौर जैसे दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में मोबाइल पशुचिकित्सा सेवाओं के माध्यम से समय पर विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध होना पशुपालकों के लिए महत्वपूर्ण है। यह मामला पशुधन के स्वास्थ्य के प्रति सतर्कता और समय पर पशु चिकित्सा सुविधा की उपयोगिता को भी सामने लाता है।





