
25 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | डडौर, मंडी।

डीएवी पब्लिक स्कूल डडौर में शुक्रवार को राज्य स्तरीय छात्र-छात्राओं की खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास एवं तकनीकी शिक्षा तथा व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने किया। उन्होंने ध्वजारोहण और दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 8 क्लस्टर की 40 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें करीब 453 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। इस अवसर पर राजेश धर्माणी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है।
उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और हार-जीत की चिंता किए बिना अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रयास होना चाहिए कि हर बच्चा खेल मैदान तक पहुंचे और उसकी ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में उपयोग हो। बच्चों के चहुंमुखी विकास के लिए खेलों के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां, एनएसएस, एनसीसी, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं और विज्ञान मेलों जैसी गतिविधियों का आयोजन भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों को सीखने और अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर मिलते हैं तथा उन्हें इनमें भाग लेने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
मंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में डीएवी संस्था की ओर से किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।
कृषि उपज विपणन समिति के अध्यक्ष संजीव गुलेरिया ने विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की और प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
इससे पहले विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रशांत शर्मा ने मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया तथा विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर मंत्री की पत्नी सोनिका धर्माणी, हिमाचल प्रदेश जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी, एलएमसी सदस्य लोकेश कपूर, पीटीए अध्यक्ष विनय धीमान, अभिभावक प्रतिनिधि एवं एलएमसी सदस्य जितेंद्र शर्मा सहित विद्यालय प्रबंधन के सदस्य, अध्यापक, खेल प्रशिक्षक, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।





