कल्याण विभाग की जिला स्तरीय समितियों की बैठक में विभिन्न कल्याण कार्यक्रमों की समीक्षा

26 सितंबर 2026
खबर अभी अभी | कुल्लू

कल्याण विभाग के अंतर्गत जिला स्तरीय सतर्कता एवं प्रबोधन समिति सहित विभिन्न जिला स्तरीय समितियों की बैठक सहायक आयुक्त जयवंती ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठकों का संचालन जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा ने किया। बैठक में एएसपी मनमोहन सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।

एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के लंबित मामलों में तेजी के निर्देश

जिला स्तरीय सतर्कता एवं प्रबोधन समिति की बैठक में सहायक आयुक्त जयवंती ठाकुर ने अभियोजन एवं पुलिस विभाग को लंबित मामलों की सुनवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत विभिन्न न्यायालयों में 60 मामले लंबित हैं। इनमें 56 मामले सत्र न्यायालय कुल्लू तथा 4 मामले सत्र न्यायालय रामपुर में लंबित हैं।

सफाई कर्मियों को नियमों के तहत सुविधाएं देने के निर्देश

मैनुअल स्कैवेंजर्स एक्ट, 2013 के अंतर्गत जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में सफाई कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। सहायक आयुक्त ने सफाई कर्मियों के वेतन, कार्य अवधि, ईपीएफ तथा ओवरटाइम भुगतान को निर्धारित नियमों के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को नियमानुसार यूनिफॉर्म, जूते और आवश्यक सफाई किट उपलब्ध करवाई जानी चाहिए। साथ ही नियोक्ता एजेंसी द्वारा सफाई कर्मियों की वर्ष में दो बार पूर्ण चिकित्सा जांच तथा सप्ताह में दो बार स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

दिव्यांगजनों के लिए अधिक से अधिक शिविर लगाने के निर्देश

राष्ट्रीय न्यास अधिनियम, 1999 के अंतर्गत जिला की स्थानीय स्तरीय समिति (एलएलसी) की बैठक में बताया गया कि स्वपरायणता, अंगघात, मानसिक मंदता और बहु निःशक्तता से ग्रसित व्यक्ति के 18 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद कई मामलों में माता-पिता अथवा रिश्तेदारों द्वारा उनकी ओर से वैधानिक निर्णय लेने के लिए कानूनी संरक्षक की आवश्यकता होती है।

बैठक में ऐसे दिव्यांगजनों के विशेष मामलों में कानूनी संरक्षक नियुक्त करने के लिए समिति द्वारा आवश्यक अनुमोदन किया गया।

जिला दिव्यांगता समिति की बैठक में सहायक आयुक्त ने दिव्यांगजनों की पहचान और उन्हें दिव्यांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध करवाने के लिए अधिक से अधिक दिव्यांगता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले दिव्यांगजनों तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया।

अल्पसंख्यक समुदाय के कल्याण के लिए योजनाओं की समीक्षा

अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री के नए 15 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में सहायक आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अल्पसंख्यक समुदाय के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों को गति प्रदान करते हुए उन्हें निर्धारित अवधि में पूरा करने के निर्देश भी दिए।

पूर्व मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जिला के सभी स्कूलों में अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों की संख्या का आकलन करने और पात्र विद्यार्थियों को योजना के तहत छात्रवृत्ति उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अल्पसंख्यकों के लिए संचालित स्वरोजगार योजना, तकनीकी शिक्षा, बेरोजगार भर्ती योजना तथा राज्य एवं केंद्रीय सेवाओं में भर्ती से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

Share the news