
5 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट में कुल्लू की मानवी शर्मा ने पहला स्थान हासिल किया है। प्रांजल नेगी दूसरे और सोचीरत तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर तीनों प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय यूथ पार्लियामेंट के लिए हुआ है।
मेरा युवा भारत कुल्लू की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के 29 युवाओं ने भाग लिया। ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ विषय पर आधारित प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय प्रणाली और संवैधानिक मूल्यों से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक सेकर ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। समापन समारोह में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा ने अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।
इस अवसर पर एसपी अभिषेक सेकर ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने संविधान में निहित मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं को समझने के साथ युवाओं से जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
वहीं, एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा और विचार प्रस्तुत करने का मंच देती हैं। इससे उन्हें जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की और विजेताओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को संसदीय प्रक्रियाओं की समझ विकसित करने, समसामयिक विषयों पर तार्किक विचार रखने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका पहचानने का अवसर मिला।





