क्रीसैंट स्कूल में ‘क्लीन एंड ग्रीन दीपावली’ का संदेश, विभिन्न प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को किया जागरूक

5 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

क्रीसैंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल टुटू में हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहयोग से पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने के लिए प्रेरित करना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

कार्यक्रम में पारंपरिक भारतीय खेल, पेंटिंग, नारा लेखन, थाली सजावट, रंगोली, भाषण, कविता पाठ और दीया सजावट प्रतियोगिताएं करवाई गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के साइंटिफिक ऑफिसर डॉ. राजेन्द्र शर्मा और इंजीनियर मेहरबान भारती विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिताओं में विजेता रहे विद्यार्थियों के साथ अन्य प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया।

बोर्ड के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को ‘क्लीन एंड ग्रीन दीपावली’ का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और पटाखों से होने वाले प्रदूषण के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों से दीपावली को उत्साह के साथ मनाने और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। इस दौरान विद्यार्थियों को मिठाई भी वितरित की गई।

विद्यालय प्रबंधन ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का आभार व्यक्त किया। प्रबंधन ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता, सामाजिक जिम्मेदारी और रचनात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि दीपावली केवल रोशनी और खुशियों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा के संकल्प को दोहराने का भी अवसर है।

Share the news