एसडीएम ने बाल आश्रम तल्याहड़ में बच्चों के साथ मनाई दीपावली, बांटी मिठाई और उपहार

5 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

दीपावली के अवसर पर उपमंडलाधिकारी (ना.) सदर मंडी चंद्र प्रकाश ने बाल आश्रम तल्याहड़ पहुंचकर बच्चों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। उन्होंने आश्रम में रह रहे बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और मिठाई, फल, कॉपियां, पेंसिल तथा पेंटिंग से संबंधित सामग्री वितरित की।

इस अवसर पर आश्रम के बच्चों, कर्मचारियों और एसडीएम सदर कार्यालय के कर्मचारियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।

चंद्र प्रकाश ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक सोच का विशेष महत्व है। बच्चों को इन मूल्यों को अपनाकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

Share the news