
6 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

जिला मंडी को तंबाकू मुक्त बनाने और युवाओं को तंबाकू एवं निकोटीन की लत से बचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को तंबाकूमुक्त युवा अभियान 4.0 का शुभारंभ किया गया। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने सेरी मंच से 60 दिवसीय अभियान की शुरुआत करते हुए विद्यार्थियों की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 26 दिसंबर, 2026 तक जिलेभर में चलाया जाएगा।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि अभियान के तहत युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ शिक्षण संस्थानों, सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों को तंबाकू मुक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिक्षण संस्थानों की बाहरी सीमा से 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा और शिक्षा विभाग सहित संबंधित प्रवर्तन एजेंसियां संयुक्त रूप से कार्रवाई करेंगी।
उन्होंने कहा कि तंबाकू की लत अक्सर किशोरावस्था में शुरू होती है और आगे चलकर अन्य नशीले पदार्थों के सेवन का जोखिम भी बढ़ा सकती है। ऐसे में अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के सभी वर्गों को युवाओं को इस लत से दूर रखने के लिए मिलकर प्रयास करने होंगे।
उपायुक्त ने बताया कि पिछले वर्ष मंडी जिले के 1,049 शिक्षण संस्थानों और 68 गांवों को तंबाकू मुक्त घोषित किया गया था। इस वर्ष सभी शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने और तंबाकू मुक्त गांवों की संख्या में कम से कम 50 प्रतिशत वृद्धि करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक भवनों को भी तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
अभियान के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों और ग्राम पंचायतों में रैलियां, नुक्कड़ नाटक, प्रभात फेरियां, मैराथन और सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। वहीं, तंबाकू नियंत्रण कानूनों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला और खंड स्तर पर गठित टीमें नियमित निरीक्षण भी करेंगी।
उपायुक्त ने बताया कि अभियान के तहत मंडी में वॉकाथॉन का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने में सहयोग देने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और आईटीआई के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





