मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के चयनित परिवारों की सूची ग्राम सभा में होगी सार्वजनिक

7 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत चरण-1 से चरण-9 तक चयनित परिवारों की सूची सार्वजनिक जांच और आपत्तियों के लिए ग्राम सभाओं में रखी जाएगी। इसके लिए 18 नवंबर को विशेष ग्राम सभा आयोजित होगी, जबकि पात्रता को लेकर आपत्तियां 20 नवंबर तक दर्ज करवाई जा सकेंगी।

जिला पंचायत अधिकारी दया राम ठाकुर ने बताया कि उपायुक्त कुल्लू के निर्देशानुसार विशेष ग्राम सभा में चयनित परिवारों की सूची आम लोगों के अवलोकन के लिए प्रस्तुत की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से ग्राम सभा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर सूची की जांच करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को चयनित परिवारों की पात्रता को लेकर आपत्ति है तो वह 20 नवंबर तक संबंधित पंचायत सचिव के पास अपनी आपत्ति दर्ज करवा सकता है।

प्राप्त आपत्तियों का निपटारा फील्ड लेवल कमेटी करेगी। इस कमेटी में पंचायत सचिव, पटवारी और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शामिल होंगे। कमेटी 25 नवंबर तक अपनी सिफारिशें ब्लॉक लेवल कमेटी को सौंपेगी। इसके बाद एसडीएम, बीडीओ और पंचायत निरीक्षक की ब्लॉक लेवल कमेटी 30 नवंबर तक सूची को अंतिम रूप देगी।

जिला पंचायत अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह जांच और आपत्ति निवारण प्रक्रिया केवल योजना के चरण-1 से चरण-9 तक चयनित परिवारों पर लागू होगी।

Share the news