
10 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू 13 नवंबर को मंडी के पड्डल मैदान में आयोजित होने वाली एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकथॉन का नेतृत्व करेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आम जनता को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाना है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे पड्डल मैदान पहुंचेंगे और वॉकथॉन का नेतृत्व करेंगे। इस दौरान वह मंडी में जिला पुस्तकालय का शिलान्यास भी करेंगे।
मुख्यमंत्री दोपहर 12:30 बजे पड्डल मैदान से कांगणीधार हेलीपैड के लिए रवाना होंगे।
उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस वॉकथॉन का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने जिला के लोगों, युवाओं और विभिन्न संगठनों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।





