
बद्दी। सोलन जिला के बद्दी उपमंडल में 28 से 30 नवंबर 2026 तक जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले की तैयारियों और विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा तय करने के लिए बद्दी में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला रेडक्रॉस समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने की, जबकि दून के विधायक राम कुमार चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि रेडक्रॉस मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि पीड़ित मानवता की सेवा, जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच है। रेडक्रॉस की मूल भावना मानव सेवा और परोपकार पर आधारित है। उन्होंने मेले में समाज के सभी वर्गों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि रेडक्रॉस मेले का शुभारंभ एंटी-चिट्टा वॉकथॉन से किया जाएगा। उन्होंने विभिन्न विभागों, सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों से मेले को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की।
मेले में लगेंगे चिकित्सा और रक्तदान शिविर
उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 30 नवंबर 2026 को रेडक्रॉस मेले का रैफल ड्रॉ निकाला जाएगा।
मेले में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी, ताकि आम जनता को योजनाओं की जानकारी मिल सके। इसके अतिरिक्त मेगा चिकित्सा शिविर और रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।
तीन दिन खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम
उपायुक्त ने बताया कि मेले के तीनों दिन युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और स्कूली बच्चों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, सांस्कृतिक संध्याओं में हिमाचली, पंजाबी, भोजपुरी और स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
बैठक के बाद उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मेला मैदान का निरीक्षण किया और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अच्छर पाल कौशल, नगर निगम बद्दी के आयुक्त एवं बीबीएनडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विवेक चंदेल, पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान, एसडीएम बद्दी संजीव धीमान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






