ठियोग के बहानी गांव में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 किलो चरस के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

खबर अभी अभी | शिमला, 23 नवंबर।

नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शिमला पुलिस ने ठियोग क्षेत्र के बहानी गांव में एक साथ तीन अलग-अलग घरों में दबिश देकर कुल 8 किलोग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक घर से 1,05,690 रुपये नकद और वजन करने वाली मशीन भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने और खुफिया सूचनाएं जुटाने के बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने तड़के एक साथ तीन अलग-अलग घरों की तलाशी ली।

पहले ठिकाने पर श्याम सिंह पुत्र स्वर्गीय हीरा सिंह के घर से 1.7 किलोग्राम चरस बरामद हुई। दूसरे ठिकाने पर लक्ष्मी नंद पुत्र स्वर्गीय हेत राम के घर से करीब 900 ग्राम चरस जब्त की गई। वहीं, तीसरे ठिकाने पर हरि वल्लभ पुत्र स्वर्गीय दिला राम के घर से 5.5 किलोग्राम चरस के अलावा 1,05,690 रुपये नकद और एक वजन मशीन बरामद की गई।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके खिलाफ पुलिस थाना ठियोग में अभियोग संख्या 179/26, 180/26 और 181/26 दिनांक 22 नवंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। तीनों मामलों में आगामी जांच जारी है।

2026 में व्यावसायिक मात्रा के 27 मामले दर्ज

शिमला पुलिस के अनुसार, नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत वर्ष 2026 में अब तक व्यावसायिक मात्रा के 27 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इसके मुकाबले वर्ष 2025 में ऐसे 6, वर्ष 2024 में 14 और वर्ष 2023 में 6 मामले दर्ज हुए थे।

पुलिस का कहना है कि वर्ष 2026 में रणनीति में बदलाव करते हुए छोटे नशा कारोबारियों के बजाय बड़े तस्करों और उनके नेटवर्क पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है। पुलिस के मुताबिक, इस वर्ष दर्ज 27 मामले पिछले तीन वर्षों (2023 से 2025) में दर्ज कुल 26 मामलों से अधिक हैं।

पुलिस ने दावा किया है कि बड़े नशा तस्करों और उनके नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई से युवाओं तक चिट्टे की आपूर्ति में कमी आई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Share the news