
जिले में विकास परियोजनाओं को गति देने और वन संरक्षण अधिनियम (एफसीए) के तहत लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त कार्यालय के वीडियो कॉन्फ्रेंस हॉल में हुई इस बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े एफसीए प्रस्तावों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने बताया कि जिले में वन संरक्षण अधिनियम के तहत अब तक कुल 38 विकास परियोजनाओं के मामलों को अंतिम स्वीकृति मिल चुकी है। इनमें लोक निर्माण विभाग के 18, जल शक्ति विभाग के 7, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के 2 और अन्य विभागों के 11 मामले शामिल हैं।
अपूर्व देवगन ने कहा कि जनहित से जुड़ी विकास परियोजनाओं में अनावश्यक देरी से बचने के लिए एफसीए प्रस्तावों का त्वरित निस्तारण जरूरी है। उन्होंने मत्स्य, तकनीकी शिक्षा और एपीएमसी सहित सभी संबंधित विभागों को वन भूमि हस्तांतरण से जुड़ी औपचारिकताएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे हो सकें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग नियमानुसार पूर्ण दस्तावेजों के साथ समय पर प्रस्ताव प्रस्तुत करें और आपसी समन्वय बनाए रखते हुए लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करें। इससे स्वीकृति प्रक्रिया में होने वाली अनावश्यक देरी को रोका जा सकेगा।
बैठक का संचालन वन मंडलाधिकारी (मुख्यालय) एस.एस. कश्यप ने किया। उन्होंने जिले में लंबित एफसीए प्रस्तावों की वर्तमान स्थिति और उनकी प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में डीएफओ मंडी संजीव शर्मा सहित लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, एसीएफ सुकेत तथा डीएफओ नाचन, जोगिंद्रनगर और करसोग सहित अन्य विभागीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।






