
4/8/2026
धर्मशाला
खबर अभी अभी
धर्मशाला में कांग्रेस नेता एवं नगर निगम के पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी ने भाजपा नेताओं पर दर्ज एफआईआर और विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे राजनीतिक प्रतिशोध के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि किसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है तो उसे जांच का सामना करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले राजनीतिक माहौल बनाने की बजाय सच्चाई सामने आने का इंतजार करना चाहिए।
देवेंद्र जग्गी ने कहा कि यदि किसी को लगता है कि मामला राजनीतिक द्वेष से प्रेरित है तो निष्पक्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया के दौरान सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करता है और हर व्यक्ति को जांच में सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गलत काम करने वाला चाहे किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा हो, उसके खिलाफ जांच और कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। यदि किसी जनप्रतिनिधि की संपत्ति, आय या अन्य मामलों को लेकर जनता के मन में सवाल हैं तो उनका जवाब भी जांच के माध्यम से मिलना चाहिए।
भाजपा द्वारा सरकार पर केवल विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के आरोपों पर जग्गी ने कहा कि यदि किसी अन्य व्यक्ति के खिलाफ भी जांच की आवश्यकता है तो वह भी निष्पक्ष रूप से होनी चाहिए। जांच एजेंसियों के काम को राजनीतिक बयानबाजी से प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार का बचाव करते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, आत्मनिर्भर हिमाचल के निर्माण और दीर्घकालिक विकास की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सभी नेताओं का आचरण पारदर्शी होना चाहिए।
देवेंद्र जग्गी ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में उनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज हुई थी और जांच हुई थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने अदालत में अपने दस्तावेज प्रस्तुत किए और पूरी न्यायिक प्रक्रिया का पालन किया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को कानून और अदालत के समक्ष अपना पक्ष रखने का अधिकार है, इसलिए जांच से घबराने की आवश्यकता नहीं है।





