Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में सोमवार से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, 30 तक बारिश और अंधड़ के आसार

हिमाचल प्रदेश में शनिवार को मौसम के कई रंग देखने को मिले। रोहतांग दर्रा, कुंजम दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। कोकसर और अटल टनल के आसपास बारिश के साथ फाहे गिरे। कुल्लू में दोपहर तीन बजे के बाद अंधड़ चला और कई जगह बारिश हुई। मैदानी जिलों में पारा चढ़ने से लू चली। रविवार को भी पूरे प्रदेश में मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान तापमान में और अधिक बढ़ोतरी दर्ज होने के आसार हैं।
राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में शनिवार को धूप खिली। दोपहर को कुछ देर के लिए बादल छाए रहे। इसके बाद मौसम साफ हो गया। जुब्बल की पंचायत झाल्टा, गिल्टाड़ी, झगटान, मांदल और भोलाड़ के अलावा चिड़गांव की रोहल, धगोली और आंध्रा पंचायत में शुक्रवार शाम ओलों ने तबाही मचाई।

विज्ञापन

ऊना में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री पहुंच गया है। बीते साल अप्रैल में ऊना में अधिकतम पारा 42 डिग्री तक पहुंचा। इससे पूर्व साल 2022 में पारा 43.2 डिग्री रहा था।

कांगड़ा, धर्मशाला और सोलन 4 साल बाद सबसे ज्यादा गर्म
कांगड़ा, धर्मशाला, सोलन और नाहन में भी साल 2022 के बाद शनिवार को सबसे अधिक गर्मी पड़ी। ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, बद्दी, नालागढ़, पांवटा साहिब, कांगड़ा, धर्मशाला, सुंदरनगर और भुंतर में गर्म हवाएं चलने से दिन के समय सड़कें सुनसान हो गई हैं। वहीं शुक्रवार रात को पांवटा साहिब में न्यूनतम पारा 25.0, देहरा गोपीपुर में 22.0, जुब्बड़हट्टी में 21.0, बिलासपुर में 20.5, कांगड़ा में 20.3, शिमला में 19.0, नाहन में 18.8, मंडी में 18.3, धर्मशाला-ऊना में 18.2 डिग्री रहा।
कहां कितना अधिकतम तापमान

क्षेत्र अधिकतम तापमान
ऊना 42.2
कांगड़ा 36.1
सुंदरनगर 36.0
बरठीं 35.9
मंडी 35.1
सोलन 33.4
नाहन 33.3
धर्मशाला 33.0
भुंतर 32.6
शिमला 27.4
मनाली 25.4
ताबो 20.0
40 डिग्री से ऊपर वाले दुनिया के 100 शहरों में 92 भारत के
गर्मी शुरुआत में ही रिकॉर्ड तोड़ रही है। वैश्विक तापमान आंकड़ों के अनुसार दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में 92 भारत के हैं। इसके अलावा 6 शहर थाईलैंड और दो शहर नेपाल के हैं। अप्रैल की शुरुआत में ही दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और बंगलूरू जैसे शहरों में पारा 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। यह सामान्य से काफी ज्यादा है। आने वाले दिनों में इसमें और बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।

देश में शनिवार को सर्वाधिक तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस यूपी के बांदा का रहा। इसके बाद प्रयागराज में 45.5 डिग्री, वाराणसी में 45 डिग्री, झांसी में 44.8 डिग्री रहा। बुलंदशहर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री रहा। कई इलाकों में तापमान सामान्य से 5 डिग्री या उससे ऊपर है, जिससे हीट स्ट्रेस की स्थिति बन रही है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है। उत्तर भारत में रातें भी गर्म रह सकती हैं। यह स्थिति हीट डोम जैसे हालात की ओर इशारा करती है, जिसमें गर्म हवा एक क्षेत्र में फंस जाती है और तापमान लगातार बढ़ता रहता है।

Share the news