PM मोदी से मिले जयराम ठाकुर, हिमाचल के अहम मुद्दों और मौजूदा हालात पर हुई चर्चा

खबर अभी-अभी | 21 अगस्त, 2026 | शिमला।

हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच हिमाचल प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों, प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों और विकास से संबंधित मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री से मार्गदर्शन भी प्राप्त किया।

जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हिमाचल प्रदेश की मौजूदा परिस्थितियों से अवगत करवाते हुए प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का हिमाचल प्रदेश के प्रति विशेष लगाव रहा है और केंद्र सरकार ने प्रदेश के हितों एवं विकास को प्राथमिकता दी है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रेल और आधारभूत ढांचे सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदेश के लाखों परिवारों को मिल रहा है।

हिमाचल के हितों की आवाज केंद्र तक उठाते रहेंगे : जयराम

जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश भौगोलिक परिस्थितियों की दृष्टि से एक विशेष राज्य है और यहां विकास की चुनौतियां भी अन्य राज्यों से अलग हैं। ऐसे में प्रदेश के विकास के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने सरकार में रहते हुए केंद्र के सहयोग से प्रदेश के विकास को गति दी और विपक्ष में रहते हुए भी हिमाचल के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जा रहा है।

जगत प्रकाश नड्डा से भी की मुलाकात

नई दिल्ली प्रवास के दौरान जयराम ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से भी आत्मीय भेंट की और उनका कुशलक्षेम जाना।

इस दौरान दोनों नेताओं के बीच हिमाचल प्रदेश से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। जयराम ठाकुर ने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा का हिमाचल प्रदेश के विकास और संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है तथा उनका अनुभव और मार्गदर्शन सदैव कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी रहा है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन हिमाचल भाजपा को नई ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता के हितों से जुड़े विषयों को हर उचित मंच पर उठाना और हिमाचल के विकास के लिए निरंतर प्रयास करना भाजपा की प्राथमिकता है।

Share the news