अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमके हिमाचल के खिलाड़ियों से जापान में मिले केवल सिंह पठानिया

3 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | जापान

उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधायक केवल सिंह पठानिया ने जापान दौरे के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करने वाले हिमाचली खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश के युवाओं की उपलब्धियां पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय हैं। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और समर्पण के बल पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उनकी सफलता से परिवार और क्षेत्र के साथ-साथ प्रदेश और देश का गौरव भी बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, खेल सुविधाएं और प्रतिभा निखारने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाने की है। उन्होंने खिलाड़ियों से भविष्य की प्रतियोगिताओं में भी इसी मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन और प्रोत्साहन मिले, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

उल्लेखनीय है कि शाहपुर विधायक केवल सिंह पठानिया इन दिनों जापान दौरे पर हैं। जापान प्रवास के दौरान हिमाचल के अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से उनकी मुलाकात हुई।

Share the news