अगस्त के अंत तक नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों को मिलेगा प्रशिक्षण बजट, वित्तीय नियमों और पंचायत संचालन की दी जाएगी जानकारी

7/8/2026
धर्मशाला
खबर अभी अभी

जिला कांगड़ा की पंचायतों में नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों को उनकी जिम्मेदारियों और पंचायत संचालन से जुड़े नियमों की जानकारी देने के लिए जल्द प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला पंचायत अधिकारी सचिन ठाकुर ने बताया कि प्रशिक्षण की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और अगस्त के अंत तक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान पंचायत प्रधानों को बजट निर्माण, वित्तीय नियमों, पंचायत संचालन, प्रशासनिक प्रक्रियाओं तथा विभिन्न कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को पंचायतों का संचालन प्रभावी और पारदर्शी तरीके से करने के लिए सक्षम बनाना है।

सचिन ठाकुर ने कहा कि पंचायत प्रधानों के सामने सबसे बड़ी चुनौती पंचायत के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि कई पंचायतों में ग्राम सभाओं में लोगों की भागीदारी अपेक्षाकृत कम रहती है। ऐसे में प्रधानों को लोगों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करते हुए पंचायत के समग्र विकास पर विशेष ध्यान देना होगा।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम की अवधि और विस्तृत शेड्यूल अभी तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम को अंतिम रूप दिए जाने के बाद इसकी जानकारी सभी संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाएगी।

Share the news