इनर व्हील क्लब मंडी की नई कार्यकारिणी ने संभाला कार्यभार, संस्कार और समाज सेवा पर दिया जोर

3/8/2026
मंडी
खबर अभी अभी

राजमहल में इनर व्हील क्लब ऑफ मंडी (डिस्ट्रिक्ट 307) का इंस्टॉलेशन समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। इस दौरान क्लब की नई कार्यकारिणी ने विधिवत कार्यभार संभाला। कार्यक्रम में निवर्तमान टीम के कार्यों की सराहना करते हुए नई टीम का स्वागत किया गया।
समारोह में इनर व्हील क्लब सुंदरनगर की अध्यक्ष अनु ठाकुर मुख्य अतिथि तथा नीरा अबरोल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसके बाद नई कार्यकारिणी को औपचारिक रूप से पदभार सौंपा गया।
इस अवसर पर इनर व्हील क्लब मंडी की अध्यक्ष सोमा ने अपने संबोधन में समुद्र मंथन से निकले 14 रत्नों का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन में अनेक चुनौतियां और परिस्थितियां आती हैं। जो व्यक्ति इन कठिनाइयों को धैर्य, सकारात्मक सोच और अच्छे संस्कारों के साथ पार कर लेता है, वही अपने जीवन के वास्तविक उद्देश्य को प्राप्त करता है।
उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चों को अच्छे संस्कार देना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और इसकी शुरुआत घर की दहलीज से होनी चाहिए। यदि परिवार बच्चों को सही दिशा और मूल्य देगा तो समाज स्वतः मजबूत बनेगा।
सोमा ने कहा कि इनर व्हील क्लब मंडी को बने अभी दो वर्ष ही हुए हैं, लेकिन इस दौरान क्लब ने समाज सेवा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल शुरुआत है और आने वाले समय में क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता जैसे क्षेत्रों में और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करेगा।
कार्यक्रम में क्लब के सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं और समाज हित में मिलकर सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। समारोह का समापन धन्यवाद प्रस्ताव और सामूहिक भोज के साथ हुआ।

Share the news