
3 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | सोलन

एलआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स, सोलन में 15वीं अंतरराष्ट्रीय बहुविषयक कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस सम्मेलन की मुख्य थीम “Issues in the Contemporary World and Their Solutions” रखी गई है। सम्मेलन का आयोजन हाइब्रिड मोड में किया जा रहा है, जिसमें ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से अकादमिक सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें देश-विदेश और हिमाचल प्रदेश के विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों के शिक्षाविद, शोधकर्ता और प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन समारोह की शुरुआत समन्वयक डॉ. निशा शर्मा के स्वागत संबोधन से हुई। समारोह में डॉ. जे.एल. कॉल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा डॉ. लाभ सिंह, डॉ. वी.के. शर्मा (डीआईजी, जीएच), सेवानिवृत्त प्रिंसिपल डॉ. वी.के. शर्मा, डॉ. बी.एस. चौहान, डॉ. शालू सहगल, डॉ. परमजीत सिंह, डॉ. शची सिंह, डॉ. सुनील देष्टा, डॉ. अवनीत गुप्ता, डॉ. पी.पी. शर्मा, डॉ. कंचन बाला जसवाल और डॉ. श्वेता सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
कॉन्फ्रेंस की संयोजक एवं एलआर इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन की प्रधानाचार्य डॉ. निशा शर्मा ने बताया कि सम्मेलन के दौरान समकालीन विश्व की जटिल चुनौतियों, सामाजिक एवं शैक्षणिक मुद्दों, वैज्ञानिक प्रगति और पर्यावरणीय समस्याओं पर बहुविषयक दृष्टिकोण से चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य इन चुनौतियों के समाधान के लिए नए विचारों, शोधपरक दृष्टिकोणों और व्यावहारिक रणनीतियों को साझा करने के लिए अकादमिक मंच उपलब्ध कराना है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ अपने अनुभव और शोध निष्कर्ष साझा करेंगे।





