
14 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कुल्लू। ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के अंतिम चरण के तहत सोमवार को नगर विकास खंड के कराड़सू में विशेष आईईसी एवं संवाद शिविर आयोजित किया गया। मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में अरछंडी, गाहर, रौगी, सोयल-द्वितीय, कायस और कराड़सू पंचायतों के 116 चिन्हित बीपीएल लाभार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।
विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने बताया कि योजना के तहत पात्र परिवारों को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता, 300 यूनिट तक निःशुल्क बिजली और पक्के मकान के निर्माण के लिए सीधी वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने का प्रावधान है। उन्होंने पात्र परिवारों से निर्धारित प्रक्रिया जल्द पूरी कर योजना का लाभ उठाने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि 1,500 रुपये की सम्मान राशि पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से सीधे हस्तांतरित की जाएगी। इसके लिए आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 20 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। विधायक ने ग्रामीणों से अपील की कि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।
इन स्थानों पर होंगे आगामी शिविर
अभियान के तहत आगामी शिविरों का आयोजन 15 सितंबर को कटराईं में 193 लाभार्थियों, 16 सितंबर को शालीन में 90 लाभार्थियों और 18 सितंबर को राईसन में 178 लाभार्थियों के लिए किया जाएगा।
इसके अलावा सोमवार को नगर वेन्यू में 167 चिन्हित लाभार्थियों के दस्तावेज सत्यापन के साथ-साथ योजना में छूटे हुए अन्य पात्र परिवारों को भी इसके दायरे में लाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान पात्र परिवारों को योजना की जानकारी देने, पात्रता संबंधी प्रक्रिया पूरी करवाने और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
प्रशासन ने सभी चिन्हित एवं अन्य पात्र लाभार्थियों से आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने और 20 सितंबर की अंतिम तिथि से पहले पंजीकरण एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करवाने का आग्रह किया है।
शिविर में सहायक आयुक्त जयवंती ठाकुर, खंड विकास अधिकारी मुकेश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
खबर अभी अभी के लिए कुल्लू से सुशांत शर्मा।





