कांटी मशवा में ₹1.27 करोड़ की लागत से बने पीएचसी भवन का लोकार्पण, उद्योग मंत्री बोले- शिलाई में स्वास्थ्य सुविधाएं लगातार हो रहीं मजबूत

5/8/2026
पांवटा साहिब
खबर अभी अभी

उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बुधवार को शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान कांटी मशवा में 1.27 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।

उद्योग मंत्री ने कहा कि नए पीएचसी भवन से आसपास की तीन पंचायतों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार स्वास्थ्य संस्थानों में आधारभूत ढांचे के साथ-साथ आवश्यक स्टाफ की उपलब्धता भी सुनिश्चित कर रही है।

उन्होंने बताया कि पीएचसी कमरऊ, सतौन, चांदनी और कोटा पाब के भवनों का निर्माण भी प्रगति पर है, जहां डॉक्टरों के आवास की व्यवस्था भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में शिलाई विधानसभा क्षेत्र के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर और फार्मासिस्ट उपलब्ध हैं।

70 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं जारी

हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के सतौन उपमंडल के अंतर्गत करीब 70 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। इनमें पीएचसी भवनों के निर्माण के अलावा राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल सतौन, सालवाला-सतौन सड़क, मानल-कोड़गा सड़क, चिलॉन-चौकी-मृगवाल सड़क तथा रेणुका-सतौन सड़क के उन्नयन कार्य शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि कांटी मशवा पीएचसी भवन, मानल-कांटी मशवा सड़क की मेटलिंग तथा चांदनी-कठवार सड़क की मेटलिंग के कार्य पूर्ण हो चुके हैं।

शिलाई में बन रहा 100 बिस्तरों का अस्पताल

उद्योग मंत्री ने कहा कि 19 करोड़ रुपये की लागत से शिलाई में 100 बिस्तरों वाले नागरिक अस्पताल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके पूरा होने के बाद क्षेत्र के मरीजों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में नागरिक अस्पताल शिलाई में प्रतिदिन 250 से 300 मरीजों की ओपीडी होती है और यहां 10 चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं, जिनमें ईएनटी, मेडिसिन, हड्डी रोग और स्त्री रोग विशेषज्ञ भी शामिल हैं। इससे पहले मरीजों को पांवटा साहिब या नाहन रेफर करना पड़ता था, लेकिन अब अधिकांश उपचार शिलाई में ही संभव हो रहे हैं।

कई विकास कार्यों के लिए की घोषणाएं

कार्यक्रम के दौरान उद्योग मंत्री ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं और कई विकास कार्यों के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा की। उन्होंने कांटी मशवा, कमरऊ और बड़वास के सामुदायिक भवनों के लिए 15-15 लाख रुपये, खिल रोड के लिए 3 लाख रुपये तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के पुस्तकालय के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा स्कूल की चारदीवारी और खड्ड पर पुल निर्माण का भी आश्वासन दिया।

इस अवसर पर मार्केटिंग कमेटी के अध्यक्ष सीताराम शर्मा, जिला परिषद सदस्य खत्री सिंह ठाकुर, सीएमओ डॉ. राकेश प्रताप, बीएमओ डॉ. के.एल. भगत, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Share the news