कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम को लेकर छह दिवसीय ऑनलाइन प्रशिक्षण आयोजित

1 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

मंडी। उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय, थुनाग एट गोहर (गुड़हरी) की ओर से महाविद्यालय के विद्यार्थियों और कर्मचारियों के लिए कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम, निषेध एवं निवारण अधिनियम, 2013 के संबंध में छह दिवसीय ऑनलाइन जागरूकता एवं संवेदीकरण प्रशिक्षण आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण 23 से 30 सितंबर, 2026 तक आयोजित हुआ, जिसमें करीब 250 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण का संचालन द ट्रांसफॉर्मर्स वैल्यू क्रिएटर्स की मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जीवन कौशल प्रशिक्षक, सामाजिक उद्यमी एवं यौन शिक्षा विशेषज्ञ मंजुला सुलारिया ने किया। वह बाल यौन अपराध संरक्षण तथा कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम से संबंधित विषयों की प्रशिक्षक भी हैं।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम के लिए अधिनियम की आवश्यकता और महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वास्तविक जीवन की परिस्थितियों और विभिन्न मामलों के अध्ययन के माध्यम से प्रतिभागियों को कानून के विभिन्न पहलुओं को समझाया गया।

सत्रों के दौरान कार्यस्थल पर बिना झिझक अपनी बात रखने की संस्कृति विकसित करने, कार्यस्थल से संबंधित प्रचलित भ्रांतियों एवं गलत धारणाओं, साइबर माध्यम से होने वाले यौन उत्पीड़न, कार्यस्थल पर चित्र संकेतों के प्रयोग तथा सहमति की अवधारणा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

ऑनलाइन प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछकर अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया।

प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों और कर्मचारियों में कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से संबंधित कानून, अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सुरक्षित, सम्मानजनक और संवेदनशील कार्यस्थल के निर्माण को प्रोत्साहित करना रहा।

Share the news