किन्नौर दौरे पर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का भव्य स्वागत, हिमाचल दिवस पर बड़ी घोषणाओं की उम्मीद

किन्नौर, 14 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के किन्नौर दौरे के दौरान चौलिंग हेलिपैड पर उनका भव्य और पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस अवसर पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने किन्नौरी परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

स्वागत समारोह में मुख्यमंत्री को पारंपरिक किन्नौरी टोपी और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया, जो क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। कार्यक्रम में स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा।

हिमाचल दिवस के अवसर पर किन्नौर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं और क्षेत्रवासियों में भी भारी उत्साह देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री का यह दौरा कई मायनों में अहम माना जा रहा है। हाल ही में उन्होंने किन्नौर की विभिन्न समस्याओं को करीब से समझने का प्रयास किया है, ऐसे में स्थानीय लोगों को इस दौरे से बड़ी उम्मीदें हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस अवसर पर सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणाएं की जा सकती हैं।

अब स्थानीय जनता, जनप्रतिनिधि और प्रशासन की नजरें मुख्यमंत्री के संबोधन पर टिकी हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार हिमाचल दिवस का आयोजन किन्नौर के विकास को नई दिशा देने वाला साबित होगा और कई अहम घोषणाओं के साथ यह दिन ऐतिहासिक बन सकता है।

रिपोर्टर : विद्या भगत नेगी,

Share the news