कुल्लू में निकली तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयकारों से गूंजा शहर

कुल्लू | 13 अगस्त 2026
खबर अभी अभी


स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में कुल्लू में भाजपा की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में भाजपा जिला कुल्लू के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए लोगों में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।

तिरंगा यात्रा ढालपुर चौक से शुरू हुई और मुख्य बाजार, अस्पताल, कॉलेज तथा ढालपुर खेल मैदान सहित शहर के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरी। इस दौरान पूरा शहर ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा।

यात्रा में नरोत्तम ठाकुर, दानवेंद्र सिंह ठाकुर, प्रियंता शर्मा और नैना कंबोज सहित भाजपा के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

‘हर घर तिरंगा’ का दिया संदेश

तिरंगा यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक किया। लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और तिरंगे के सम्मान को बनाए रखने की अपील की गई।

आयोजकों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। यात्रा के दौरान कुल्लू शहर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

Share the news