चेक बाउंस मामले में शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, उद्घोषित अपराधी नानक चंद गिरफ्तार; कंडा जेल भेजा

शिमला | खबर अभी अभी 12 नवंबर 2026

चेक बाउंस के करीब 2 लाख रुपये के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी को शिमला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान नानक चंद पुत्र दिला राम के रूप में हुई है। पुलिस चौकी जाठोग की टीम ने आरोपी को न्यायालय परिसर चक्कर, शिमला से गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत चेक बाउंस का मामला चल रहा था। न्यायालय में लगातार पेश न होने के चलते उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और नियमानुसार उसके परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दी। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को ACJM-I शिमला की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में कंडा जेल भेजने के आदेश जारी किए गए।

उद्घोषित अपराधियों पर पुलिस की पैनी नजर

शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय से उद्घोषित अपराधी घोषित किए गए व्यक्तियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान जारी है। कानून से बचकर फरार रहने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Share the news