
10 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

जलोड़ी जोत और आसपास के क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण सड़क पर बर्फ जमने से यातायात प्रभावित हो गया है। बारानाला के पास करीब एक इंच बर्फ जमने के कारण सड़क मार्ग छोटे और बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है। स्थिति को देखते हुए जिला कुल्लू पुलिस ने पर्यटकों और वाहन चालकों से रात के समय जलोड़ी जोत की ओर यात्रा न करने की अपील की है।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, देर शाम पुलिस रेस्क्यू टीम ने जलोड़ी जोत के समीप बर्फबारी के कारण फंसे करीब 8 दोपहिया वाहनों और 12 पैदल यात्रियों व ट्रैकर्स को सुरक्षित रेस्क्यू किया। सभी को सरकारी वाहन के माध्यम से सोझा पहुंचाया गया। इसके अलावा दो छोटे वाहनों को टो करके जलोड़ी टॉप पार करवाया गया। वापसी के दौरान कुछ वाहन चालकों को गाड़ागुशैणी मार्ग से सुरक्षित भेजा गया।
पुलिस ने स्थिति को देखते हुए सोझा, घियागी और जिभी के स्थानीय लोगों तथा टैक्सी चालकों को पर्यटकों को जलोड़ी जोत की ओर जाने से रोकने और सड़क की मौजूदा स्थिति के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए हैं।
जिला पुलिस ने पर्यटकों, स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि मौसम और सड़क की स्थिति सामान्य होने तक जलोड़ी जोत की यात्रा स्थगित रखें। विशेषकर रात के समय इस मार्ग पर वाहन लेकर जाने से बचें।
पुलिस ने बर्फ से ढकी और फिसलन भरी सड़क पर वाहन चलाने का जोखिम न उठाने तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। साथ ही यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने का आग्रह किया है।





