
7 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

तंबाकू मुक्त युवा अभियान-4 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के तहत जिला में होने वाली गतिविधियों की रूपरेखा तैयार करने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर चर्चा की गई।
प्रदेशभर में यह अभियान 4 नवंबर से 31 दिसंबर तक चलाया जा रहा है। कुल्लू जिला में इसका औपचारिक शुभारंभ 9 नवंबर को उपायुक्त करेंगे।
अभियान का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और शिक्षण संस्थानों व गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में प्रयास तेज करना है। इसके तहत स्कूलों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सोशल मीडिया के माध्यम से भी अभियान का प्रचार किया जाएगा। साथ ही कोटपा अधिनियम, 2003 और पीईसीए, 2019 के प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर रहेगा।
उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कहा कि युवाओं को तंबाकू सेवन से दूर रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित विभागों को शैक्षणिक संस्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री पर निगरानी रखने, शिक्षण संस्थानों के आसपास बिक्री प्रतिबंधों का सख्ती से पालन करवाने और नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत सिंह, डॉ. सुरेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





