
सोलन के देहूघाट क्षेत्र में पंच परमेश्वर मंदिर के समीप कल शाम एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। गाड़ी में कुल चार लोग सवार थे। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है, जबकि अन्य तीन लोगों को हल्की चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार सड़क से नीचे गिरने के बाद एक पेड़ से जाकर अटक गई। यदि वाहन पेड़ से नहीं रुकता तो करीब 100 फीट गहरी खाई में गिर सकता था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे अब चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। आए दिन इस मार्ग पर दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे वाहन चालकों में भी डर का माहौल बना हुआ है।





