
बंजार –
पंचायत निर्वाचन-2026 के अंतर्गत उपमण्डल बंजार में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना प्रक्रिया में इस वर्ष पहली बार महिला अधिकारियों/कर्मचारियों को स्वतंत्र रूप से मतगणना कार्य हेतु नियुक्त किया गया है।
महिला सशक्तिकरण एवं प्रशासनिक कार्यों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। मतगणना केंद्र में कुल 3 मतगणना टेबल महिला अधिकारियों/कर्मचारियों को आवंटित किए गए हैं, जहां वे मतगणना कार्य का दायित्व संभालेंगी। इसके अतिरिक्त 4 महिला अधिकारियों को रिजर्व ड्यूटी पर भी नियुक्त किया गया है।
मतगणना कार्य को त्रुटिरहित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न करवाने के उद्देश्य से इन महिला अधिकारियों/कर्मचारियों का पृथक रूप से विशेष पूर्वाभ्यास (Rehearsal) भी करवाया गया। यह पूर्वाभ्यास आज दिनांक 29 मई, 2026 को आयोजित किया गया, जिसमें मतगणना प्रक्रिया, रिकॉर्ड संधारण, मतपत्रों की गणना एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
उपमण्डल प्रशासन बंजार द्वारा यह प्रयास महिलाओं की प्रशासनिक क्षमता, सहभागिता एवं नेतृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
रिटर्निंग अधिकारी-एवं-उपमण्डलाधिकारी (ना.) बंजार ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से निर्वाचन प्रक्रिया और अधिक समावेशी, सशक्त एवं प्रेरणादायक बनेगी।
कुल्लू ब्यूरो रिपोर्ट….. सुशांत शर्मा..





