कुल्लू : दोस्त को बचाने के प्रयास में युवक की गई जान, लगवैली नदी में डूबने से मौत

कुल्लू जिला की लगवैली में एक युवक की नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय निखिल कुमार पुत्र कमल किशोर निवासी गांव हवाई, डाकघर शियाह, तहसील भून्तर, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 मई 2026 को पुलिस थाना सदर कुल्लू को सूचना मिली कि खलाड़ानाला, लगवैली नदी के समीप एक युवक डूब गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निखिल कुमार अपने दोस्तों के साथ शिरढ़ मेले से लौट रहा था। वापसी के दौरान सभी युवक खलाड़ानाला के पास लगवैली नदी में नहाने के लिए रुके। इसी दौरान उसका एक साथी नदी के गहरे पानी में फंस गया। साथी को बचाने के प्रयास में निखिल कुमार स्वयं भी गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव व अधिक गहराई के कारण डूब गया।

मौके पर मौजूद लोगों और परियोजना कर्मचारियों ने युवक को नदी से बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई तथा परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। शव का पोस्टमार्टम क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में करवाया गया।

चिकित्सीय रिपोर्ट में युवक की मौत का कारण पानी में डूबने से सांस रुकना बताया गया है। पुलिस जांच में फिलहाल किसी प्रकार की संदिग्ध परिस्थिति सामने नहीं आई है। पुलिस द्वारा नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट : कुल्लू

Share the news