धान खरीद के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण शुरू, 3 अक्टूबर से होगी खरीद

17 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

शिमला। हिमाचल प्रदेश में खरीफ सीजन 2026-27 के तहत किसानों से धान खरीदने के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। किसानों के लिए 15 सितंबर 2026 से एचपी एपीपी पोर्टल पंजीकरण के लिए खोल दिया गया है। किसान पोर्टल पर पंजीकरण कर अपनी सुविधानुसार धान बिक्री के लिए टोकन बुक कर सकते हैं।

निदेशक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले कुमुद सिंह ने बताया कि प्रदेश में धान की खरीद 3 अक्टूबर 2026 से शुरू होकर 15 दिसंबर 2026 तक चलेगी। इसके लिए प्रदेश में कुल 11 खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं। धान की खरीद कांगड़ा, सोलन, ऊना और सिरमौर जिलों में की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस बार किसानों को ऑनलाइन पंजीकरण के लिए एग्रीस्टैक की फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से भी सुविधा दी जा रही है। इसके तहत किसानों का व्यक्तिगत और भूमि संबंधी डाटा फार्मर रजिस्ट्री से ऑनलाइन लिया जाएगा। ऐसे किसानों को जमीन के सत्यापन के लिए पटवारी के पास जाने की आवश्यकता नहीं होगी। हालांकि, बैंक से संबंधित पूरी जानकारी किसानों को पहले की तरह स्वयं दर्ज करनी होगी।

जो किसान एग्रीस्टैक में पंजीकृत नहीं हैं, उन्हें एचपी एपीपी पोर्टल पर पहले की तरह अपनी पूरी जानकारी स्वयं दर्ज करनी होगी। ऐसे मामलों में भूमि का ऑनलाइन सत्यापन पटवारी द्वारा तथा उपज की ऑनलाइन एंट्री कृषि अधिकारी द्वारा की जाएगी।

कुमुद सिंह ने बताया कि खरीफ सीजन 2026-27 के लिए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 72 रुपये अधिक है।

उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे अपनी धान की फसल को कांगड़ा, सोलन, ऊना और सिरमौर जिलों में स्थापित 11 खरीद केंद्रों पर बेचें और भारत सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ उठाएं।

उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों से भी आग्रह किया कि वे किसानों तक न्यूनतम समर्थन मूल्य और धान खरीद प्रक्रिया की जानकारी पहुंचाएं तथा किसानों को अपनी फसल सरकारी खरीद केंद्रों पर बेचने के लिए जागरूक करें।

Share the news