
खबर अभी अभी
शिमला,
31 मई।
नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा प्रदेश मुख्यालय दीपकमल, चक्कर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल को लड्डू खिलाकर जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
राजीव बिंदल ने कहा कि मंडी, धर्मशाला और सोलन नगर निगम चुनावों में भाजपा की शानदार जीत प्रदेश की जनता के भाजपा के प्रति विश्वास और कांग्रेस सरकार के प्रति असंतोष को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि यह जीत संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और जनता के आशीर्वाद का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर जनता ने एक बार फिर अपनी मुहर लगाई है। नगर निगम चुनावों के परिणाम यह स्पष्ट संकेत देते हैं कि प्रदेश की जनता विकास और सुशासन की राजनीति के साथ खड़ी है।
सिद्धार्थन ने इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत और समर्पण की जीत है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के विश्वास को बनाए रखते हुए विकास और जनसेवा के कार्यों को और अधिक गति प्रदान करेगी।
इस दौरान प्रदेश मुख्यालय दीपकमल में उपस्थित कार्यकर्ताओं और नेताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की तथा विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दीं।





