
कुल्लू (ब्यूरो)। पर्यटन नगरी कसोल में शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब पंजाब से आए कुछ पर्यटकों और स्थानीय युवकों के बीच हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान फायरिंग की घटना भी सामने आई, जिसके बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 मई 2026 को शाम करीब 6 बजे कसोल स्थित होटल ग्रीन वैली में किसी बात को लेकर पर्यटकों और स्थानीय युवकों के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। इसी दौरान गोली चलने की घटना भी हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना मणिकर्ण की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान मनप्रीत सिंह (29) निवासी जिला तरनतारन, अमन रंधावा (22) निवासी जिला अमृतसर, सुखमनदीप सिंह (17) निवासी जिला फिरोजपुर तथा करणदीप सिंह (22) निवासी जिला गुरदासपुर, पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार घटना में शामिल एक अन्य व्यक्ति तमन निवासी बटाला, जिला गुरदासपुर, पंजाब मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस द्वारा अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है तथा संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। फायरिंग की घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।





