नशे के खिलाफ कुल्लू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांच मामलों में पांच आरोपी गिरफ्तार; चिट्टा, चरस और 99,200 रुपये नकद बरामद

3 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

जिला कुल्लू पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 24.95 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 4.096 किलोग्राम चरस और 99,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर को जिला डिटेक्शन सेल की टीम ने पतलीकूहल बाइफरकेशन के समीप मनाली सड़क की ओर एक 19 वर्षीय युवक की तलाशी ली। युवक पंजाब के लुधियाना का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 22 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस थाना पतलीकूहल में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।

इसी तरह, 27 अक्टूबर को पुलिस थाना मनीकर्ण की टीम ने तेगड़ी नाला के समीप गश्त और नाकाबंदी के दौरान नेपाल निवासी 42 वर्षीय व्यक्ति को 200 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया गया।

28 अक्टूबर को जिला डिटेक्शन सेल कुल्लू की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बंदरोल विहाल में एक 28 वर्षीय युवक की तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे से 2.95 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस थाना कुल्लू में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

वहीं, 30 अक्टूबर को एसटीएफ सेंट्रल रेंज मंडी की टीम ने बजौरा पुल के समीप नाकाबंदी के दौरान एक 40 वर्षीय व्यक्ति से 906 ग्राम चरस बरामद की। पुलिस थाना भुंतर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।

कार्रवाई के पांचवें मामले में 31 अक्टूबर को पुलिस थाना आनी और जिला डिटेक्शन सेल आनी की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कूट स्थित एक रिहायशी मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां रह रही 46 वर्षीय महिला के कब्जे से 2.990 किलोग्राम चरस और 99,200 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया है।

जिला कुल्लू पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।

Share the news