नौणी में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 का जिला स्तरीय चरण आयोजित, ईशा ने मारी बाजी

3 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | नौणी (सोलन)

डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में मंगलवार को मेरा युवा भारत (MY Bharat), सोलन की ओर से युवा संसद पहल के तहत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 का जिला स्तरीय चरण आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय ने MY Bharat के सहयोग से कार्यक्रम की मेजबानी की। प्रतियोगिता में ईशा ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि श्रृष्टि चौहान दूसरे और तुषार आनंद तीसरे स्थान पर रहे।

प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के 28 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने एक राष्ट्र, एक चुनाव विषय पर तीन मिनट के भाषण प्रस्तुत किए। उन्हें हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत में अपनी बात रखने का अवसर दिया गया। प्रतियोगिता के दौरान युवाओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था और शासन प्रणाली पर इस पहल के संभावित प्रभावों को लेकर अपने विचार साझा किए।

तीनों विजेताओं का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जहां वे अन्य जिलों के प्रतिभागियों के साथ प्रतिस्पर्धा करेंगे। इसके बाद चयनित टीम हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में हिस्सा लेगी।

कार्यक्रम में शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. हरमिंदर सिंह बवेजा, जिला परिषद सोलन की अध्यक्ष शीला कुमारी, सोलन की महापौर सुषमा शर्मा, निदेशक अनुसंधान डॉ. देविना वैद्य और निदेशक विस्तार शिक्षा डॉ. डी.पी. शर्मा भी उपस्थित रहे।

सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि भारत की लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। ऐसे में विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। उन्होंने युवाओं से उद्यमिता, स्टार्टअप और नवाचार को अपनाने के साथ सामाजिक विकास तथा पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित कर भविष्य में नीति निर्माण और जनप्रतिनिधित्व की जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार रहना चाहिए।

कुलपति प्रो. हरमिंदर सिंह बवेजा ने कहा कि युवा केवल विकास के लाभार्थी नहीं, बल्कि इसके प्रमुख वाहक हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को राष्ट्रीय महत्व के नीतिगत विषयों की गहरी समझ विकसित करने और आत्मविश्वास के साथ अपने विचार रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा रचनात्मक गतिविधियों में लगाने की अपील की। साथ ही विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय का भ्रमण करने और वैज्ञानिकों से संवाद कर अपने विचारों को व्यावहारिक रूप देने के लिए आमंत्रित किया।

MY Bharat सोलन के जिला युवा अधिकारी भूपेंद्र गिल ने चयन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तर के तीनों विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। राज्य स्तर पर चयनित टीम राष्ट्रीय कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। आयोजन में करीब 200 स्कूली विद्यार्थियों के अलावा विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों और शिक्षकों ने भाग लिया।

Share the news