
बद्दी, सोलन (खबर अभी अभी):
दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ व्यवहारिक कौशल का ज्ञान अत्यंत आवश्यक है। वह सोलन जिला के बद्दी स्थित केन्द्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (CIPET) के वार्षिक समारोह ‘हिमतरंग-2026’ को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने युवाओं से अपने कौशल और प्रतिभा का उपयोग समाज और राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया।
विधायक ने कहा कि बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र एशिया के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में से एक है, जो प्रदेश ही नहीं बल्कि देश की अर्थव्यवस्था में भी अहम योगदान दे रहा है। ऐसे में उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने में सीपेट जैसे संस्थानों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकी शिक्षा और कौशल आधारित प्रशिक्षण से युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। वर्तमान दौर तकनीकी उन्नति और नवाचार का है, इसलिए विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान पर भी ध्यान देना चाहिए।
राम कुमार चौधरी ने छात्रों से अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य को हासिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए निरंतर प्रयास, सकारात्मक सोच और नई तकनीकों को अपनाना जरूरी है।
इसके साथ ही उन्होंने युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और प्रदेश सरकार के एंटी-चिट्टा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने संस्थान के प्रबंधन, शिक्षकों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि वे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न शैक्षणिक, तकनीकी और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया और संस्थान परिसर में पौधारोपण भी किया।
कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक परमिंदर प्रीत सिंह, शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





