पिंजौर-नालागढ़ फोरलेन का टेंडर 19वीं बार टला, 29 अप्रैल नई तारीख

सोलन,
पिंजौर से नालागढ़ के बीच बन रहे फोरलेन प्रोजेक्ट को लेकर अनिश्चितता लगातार बढ़ती जा रही है।इस अहम सड़क परियोजना के लिए टेंडर खोलने की तारीख एक बार फिर टाल दी गई है। हैरानी की बात यह है कि यह 19वीं बार है जब टेंडर प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है। अब नई तारीख 29 अप्रैल तय की गई है, लेकिन बार-बार हो रही देरी से लोगों की उम्मीदें कमजोर पड़ती नजर आ रही हैं।

फोरलेन निर्माण का काम पिछले काफी समय से ठप पड़ा है। जुलाई 2025 में पटेल इंफ्रा कंपनी द्वारा अचानक काम बंद किए जाने के बाद से परियोजना अधर में लटकी हुई है। कई महीनों के बाद भी निर्माण कार्य में कोई खास प्रगति नहीं हुई है।

इस देरी का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। पिंजौर से बद्दी और नालागढ़ के बीच रोजाना सफर करने वाले उद्योग कर्मी, छात्र, व्यापारी और अन्य लोग खराब सड़क की वजह से भारी परेशानी झेल रहे हैं। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि दुर्घटनाओं और जाम का खतरा लगातार बना रहता है।

स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों ने भी इस मुद्दे को लेकर विरोध जताया है। मानसून सीजन नजदीक होने के कारण स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।

Share the news