
1/8/2026
बद्दी
खबर अभी अभी
बद्दी में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पंजाब नंबर PB-11 AS-9655 का ट्रक अनियंत्रित होकर जॉइंट डायरेक्टर SWCA (इंडस्ट्री कार्यालय) की चारदीवारी तोड़ते हुए सीधे कार्यालय परिसर में जा घुसा। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार्यालय भवन को भी भारी नुकसान पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक में लोहे के पाइप लदे हुए थे, जो जोरदार टक्कर के बाद केबिन को चीरते हुए आगे तक निकल गए। चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, ट्रैफिक पुलिस और थाना बद्दी की टीम मौके पर पहुंची। काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान कुलविंदर सिंह (43) पुत्र दर्शन सिंह, निवासी मनकवाल धांद्रा रोज, बसंत एवेन्यू, लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है।
डीएसपी बद्दी योगराज चंदेल ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना बद्दी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तारी और लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।





