बी.एल. स्कूल कुनिहार में जोन स्तरीय DSSA बैठक सम्पन्न, खेल गतिविधियों की रूपरेखा पर हुआ मंथन

खबर अभी अभी
कुनिहार, 23 जून
बी.एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में जोन स्तरीय DSSA (जिला स्कूल खेलकूद संघ) की महत्वपूर्ण बैठक का सफल आयोजन किया गया। बैठक में अर्की एवं रामशहर जोन के अंतर्गत आने वाले विभिन्न ब्लॉकों और विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर आगामी खेल गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।
जानकारी देते हुए बीपीओ अर्की राज कुमार गौतम बताया कि इस बैठक का उद्देश्य इस शैक्षणिक सत्र में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं की रूपरेखा तैयार करना तथा विभिन्न विद्यालयों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करना था। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर उप निदेशक स्कूल शिक्षा (उच्चतर) सोलन गोपाल चौहान ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया।
बैठक में एडीपीओ हेम राज, पट्टा महलोग ब्लॉक से बीपीओ श्वेता गुप्ता, अर्की ब्लॉक से बीपीओ राज कुमार गौतम, धुन्दन ब्लॉक से बीपीओ मनोरमा, DSSA सदस्य राज कुमार पाल, धर्मपाल, महेन्द्र राठौर, सुभाष, सुरेन्द्र, स्थानीय विद्यालय के प्रधानाचार्य हेम राज गौर, बिमला वर्मा तथा विभिन्न विद्यालयों से आए प्रधानाचार्य, मुख्याध्यापक एवं शारीरिक शिक्षक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन ईशान भाटिया ने किया। उन्होंने मुख्यातिथि एवं सभी अतिथियों का विद्यालय परिसर में पहुंचने पर हार्दिक स्वागत किया। विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने भी सभी गणमान्य अतिथियों, DSSA सदस्यों एवं प्रतिनिधियों का अभिनंदन करते हुए मुख्यातिथि को शॉल, हिमाचली टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त एडीपीओ हेम राज तथा अन्य DSSA सदस्यों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए एडीपीओ हेम राज ने आगामी खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन, तिथियों एवं संभावित स्थलों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। वहीं DSSA सदस्य एवं डीपीई राज कुमार पाल ने प्राथमिक एवं उच्चतर स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन हेतु चयनित विद्यालयों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

मुख्यातिथि गोपाल चौहान ने विद्यालय प्रबंधन द्वारा किए गए उत्कृष्ट आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने सभी विद्यालय प्रतिनिधियों से खेलों को बढ़ावा देने तथा अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठा, समर्पण और टीम भावना के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों के लिए जलपान एवं भोजन की उत्कृष्ट व्यवस्था भी की गई, जिसकी उपस्थित प्रतिनिधियों ने सराहना की। यह बैठक आगामी जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।

Share the news