बोह आपदा पीड़ितों को जल्द मिले सरकारी सहायता, सिर्फ घोषणा नहीं धरातल पर दिखे राहत कार्य: अजीत नैहरिया

5/8/2026
शाहपुर (कांगड़ा)
खबर अभी अभी

शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की सुधेड़ पंचायत के प्रधान अजीत नैहरिया ने बोह गांव में आपदा से प्रभावित परिवारों को पंचायत और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से 10-10 हजार रुपये की नकद आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।

अजीत नैहरिया ने कहा कि यदि अधिक से अधिक लोग और सामाजिक संस्थाएं इस तरह सहयोग करेंगी, तो प्रभावित परिवारों को दोबारा अपने घर बसाने और सामान्य जीवन में लौटने में काफी मदद मिलेगी।

सरकार द्वारा पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के लिए 7.50 लाख रुपये तथा घरेलू सामान के नुकसान के लिए 1 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि यह सकारात्मक कदम है, लेकिन केवल घोषणाएं पर्याप्त नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में इतनी राशि से पूरा मकान बनाना आसान नहीं है, फिर भी इससे प्रभावित परिवारों को कुछ राहत अवश्य मिलेगी।

प्रधान ने दावा किया कि वर्ष 2025 में उनकी पंचायत के एक आपदा प्रभावित परिवार के लिए भी 7.50 लाख रुपये की सहायता की घोषणा की गई थी, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी राशि जारी नहीं हुई। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि बोह गांव के प्रभावित परिवारों को घोषित सहायता बिना देरी के उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें वास्तविक राहत मिल सके।

उन्होंने यह भी कहा कि आपदा में कई बच्चों की किताबें, स्कूल बैग और अन्य शैक्षणिक सामग्री नष्ट हो गई है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। सरकार को ऐसे विद्यार्थियों के लिए विशेष सहायता उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि उनकी शिक्षा बाधित न हो।

Share the news