
5/8/2026
मंडी
खबर अभी अभी
मंडी जिले की हिम समाज सेवा समिति (HIM SAMAJ SEWA SAMITI) को रक्तदान और जनसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दो प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया है। समिति को World Record of Excellence (England) की ओर से Certificate of Appreciation तथा National Integrated Forum of Artists and Activists (NIFAA) द्वारा National Social Impact Award प्रदान किया गया।
यह सम्मान हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिविंदर (कविंदर) गुप्ता के कर-कमलों से समिति के प्रतिनिधियों को प्रदान किया गया। इस अवसर पर समिति ने राज्यपाल और सम्मान प्रदान करने वाली संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।
समिति ने कहा कि यह सम्मान केवल संस्था का नहीं, बल्कि उन सभी रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों, सहयोगियों और सेवाभावी साथियों का है, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा में अपना योगदान दिया है। संस्था के अनुसार, हजारों रक्तदाताओं के सहयोग से अनेक जरूरतमंद लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सका, जिससे अनगिनत जिंदगियां बचाई जा सकीं।
समिति ने NIFAA का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि संस्था ने रक्तदान और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दी है। समिति ने इस उपलब्धि को सभी रक्तदाताओं और समाजसेवियों को समर्पित किया।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य भविष्य में भी रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना और समाज सेवा के कार्यों को और अधिक विस्तार देना है। उन्होंने अपने सभी स्वयंसेवकों, टीम सदस्यों, शुभचिंतकों और सहयोगियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
समिति ने अपने संदेश में कहा कि “सेवा ही धर्म है” और यह सम्मान उनके लिए मंजिल नहीं, बल्कि समाज की सेवा के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की नई प्रेरणा है।






