
5/8/2026
मंडी
खबर अभी अभी
भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) के अंतर्गत राष्ट्रीय एससी-एसटी हब, लुधियाना द्वारा हिमाचल प्रदेश स्थित पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सहयोग से 7 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी में “उद्यमी जागरूकता एवं विशेष विक्रेता विकास कार्यक्रम” आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 9:00 बजे अमृत महोत्सव ऑडिटोरियम में होगा।
यह कार्यक्रम वर्तमान और इच्छुक एससी-एसटी उद्यमियों को उद्यमिता, व्यवसाय विस्तार और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को स्वरोजगार और व्यवसाय विकास के लिए उपलब्ध अवसरों, वित्तीय सहायता योजनाओं तथा उद्यम प्रबंधन की महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी।
कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी विभागों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, वित्तीय संस्थानों और प्रशिक्षण संगठनों के विशेषज्ञ भाग लेंगे। वे प्रतिभागियों को उद्यमिता विकास, विक्रेता पंजीकरण, सरकारी खरीद प्रक्रियाओं और व्यवसाय विस्तार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन देंगे।
इस दौरान प्रतिभागियों को GeM (गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस), बीबीएमबी, एफसीआई, एसजेवीएन, एनएफएल, एनएसआईसी तकनीकी प्रशिक्षण केंद्र, आरसेटीआई, आईटीआई, आरबीआई, पंजाब नेशनल बैंक (PNB), एमएसएमई-डीएफओ सोलन, जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी) मंडी तथा हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास निगम सहित कई संस्थानों के अधिकारियों और विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में व्यवसाय शुरू करने, उसका प्रभावी प्रबंधन करने, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और बाजार से जुड़ने से संबंधित व्यावहारिक जानकारी भी साझा की जाएगी, जिससे प्रदेश के एससी-एसटी उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने और अपने व्यवसाय का विस्तार करने में सहायता मिलेगी।





