
6/8/2026
मंडी
खबर अभी अभी
भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत गुरु रविदास जी की पावन जयंती के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित पवित्र कलश यात्रा आज मंडी पहुंची। मंडी पहुंचने पर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कलश यात्रा का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने संत गुरु रविदास जी के बताए सामाजिक समरसता, समानता और आपसी भाईचारे के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का दृढ़ संकल्प लिया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि संत गुरु रविदास जी का जीवन और उनकी शिक्षाएं पूरे समाज के लिए प्रेरणापुंज हैं। उन्होंने समाज से ऊंच-नीच और भेदभाव को समाप्त कर समानता का मार्ग दिखाया था। इस ‘समरसता संकल्प अभियान’ के माध्यम से उनके इन्हीं महान विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है।
मंडी में भव्य स्वागत एवं कार्यक्रम के उपरांत इस पवित्र कलश यात्रा का अगला औपचारिक अभिनंदन और सम्मान हमीरपुर में आयोजित किया जाएगा, जहां जिला भाजपा द्वारा यात्रा के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।





