
कंडाघाट के विकास, युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न विषयों पर हुई चर्चा
26 सितंबर 2026
खबर अभी अभी | शिमला

भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) कंडाघाट मंडल के अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत छावशा के उप प्रधान कार्तिक ठाकुर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को लोक भवन, शिमला में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
शिष्टाचार भेंट के दौरान कंडाघाट क्षेत्र के विकास, युवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों तथा ग्रामीण विकास से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल के साथ विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श करते हुए युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र के विकास तथा युवाओं से जुड़े विषयों पर राज्यपाल से मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर भाजयुमो के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
मंडल अध्यक्ष एवं उप प्रधान कार्तिक ठाकुर ने राज्यपाल द्वारा समय प्रदान करने तथा मार्गदर्शन देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।





