
3 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | रामपुर

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र के दुर्गम गांव काशा पाट में रात्रि प्रवास किया। ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के बाद काशा पाट पहुंचे मुख्यमंत्री ने स्थानीय निवासी सुपन दास के घर रात्रि विश्राम किया। ग्रामीणों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों और पारंपरिक वेशभूषा के साथ उनका स्वागत किया। देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें मुख्यमंत्री भी नाटी में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार दुर्गम और दूरदराज क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दे रही है, ताकि ये क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से पीछे न रहें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक समृद्धि के बिना प्रदेश का समग्र विकास संभव नहीं है।
स्कूल भवन के लिए दो करोड़ रुपये की घोषणा
मुख्यमंत्री ने काशा पाट में नए स्कूल भवन के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा गांव में खेल मैदान विकसित करने का भी ऐलान किया और स्थानीय लोगों की विभिन्न मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
तकलेच होते हुए रामपुर तक बस सेवा का आश्वासन
उन्होंने कहा कि बच्चों की सुविधा के लिए काशा पाट से तकलेच होते हुए रामपुर तक बस सेवा शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यदि गांव का कोई व्यक्ति अधिकतम 30 लाख रुपये की लागत से बस खरीदकर यह सेवा शुरू करता है तो सरकार 40 प्रतिशत सब्सिडी देगी। बस मालिक को पांच वर्ष तक हर माह 50 हजार रुपये की सहायता भी प्रदान की जाएगी। रोहड़ू क्षेत्र के लिए भी इसी तरह 40 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान किया जाएगा।
महिला मंडलों को भी आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन महिला मंडलों के पास भवन नहीं हैं, उन्हें भवन निर्माण के लिए पांच-पांच लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, पहले से भवन वाले महिला मंडलों को आवश्यक सामान खरीदने के लिए एक-एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार शीघ्र ही ‘अपना परिवार, सुखी परिवार’ योजना शुरू करने जा रही है, जिसके तहत पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह पेंशन प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सौर ऊर्जा परियोजनाओं को बढ़ावा देने की बात भी कही। उन्होंने बताया कि ऐसी परियोजनाओं के लिए चार प्रतिशत ब्याज सब्सिडी और जनजातीय क्षेत्रों में पांच प्रतिशत ब्याज सब्सिडी का प्रावधान है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों का उत्साहवर्धन
सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली बच्चियों के उत्साहवर्धन के लिए मुख्यमंत्री ने एक लाख रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में नशा निवारण और भ्रूण हत्या जैसे सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता प्रस्तुतियां भी दी गईं।
मुख्यमंत्री ने काशा पाट में होम स्टे के लिए पंजीकरण करवाने वाले चार लोगों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए। उन्होंने कहा कि होम स्टे से दूरदराज क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आय के अवसर बढ़ेंगे। विश्व पर्यटन सप्ताह के अवसर पर आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी के विजेताओं को पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर महाधिवक्ता अनूप रतन, हिमकोन अध्यक्ष विकेश चौहान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
स्थानीय निवासी सुपन दास ने मुख्यमंत्री के गांव में रात्रि प्रवास को विशेष अवसर बताते हुए कहा कि पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने काशा पाट में रात्रि प्रवास किया है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के लिए पारंपरिक व्यंजनों की भी व्यवस्था की।





