
14 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रामपुर में आयोजित हिमाचल प्रदेश वन विभाग की 27वीं वार्षिक खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता के विजेताओं, प्रतिभागियों और आयोजकों को बधाई दी है। तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 13 सितंबर तक किया गया, जिसमें प्रदेशभर से एक हजार से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की सराहना करते हुए उनके समर्पण, कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल भावना की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन को बेहतर नहीं बनाते, बल्कि टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, दृढ़ संकल्प और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा जैसे गुणों को भी विकसित करते हैं।
उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी अपनी प्रतिबद्धता और खेल भावना के लिए बधाई का पात्र है। इस तरह के आयोजन विभागीय कर्मचारियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी भाईचारे और टीम भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश वन विभाग राज्य की समृद्ध वन संपदा के संरक्षण, जैव विविधता की रक्षा और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्राकृतिक संसाधनों के सतत प्रबंधन में वन विभाग के कर्मचारियों का योगदान महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि विभागीय कर्मचारियों के लिए आयोजित खेल प्रतियोगिताओं से वे शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ-साथ एकता और भाईचारे की भावना को भी मजबूत करते हैं। राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने और कर्मचारियों तथा युवाओं में स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने से शारीरिक फिटनेस बढ़ती है, तनाव कम होता है और कार्यक्षमता में सुधार होता है।
प्रतियोगिता के समापन पर हमीरपुर वन सर्कल को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया, जबकि रामपुर वन सर्कल ने दूसरा स्थान हासिल किया।





